Thursday, 17 September 2026

MDR-Merchant Discount Rate मर्चेंट डिस्काउंट रेट और बढ़ती विकास दर | MDR और GDP का संबंध | सरकारी रणनीति का गणित


MDR-Merchant Discount Rate
मर्चेंट डिस्काउंट रेट और बढ़ती विकास दर

डिजिटल अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से लागू किया गया मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) वित्तीय पारदर्शिता और सकल घरेलू उत्पाद (GDP) में वृद्धि की दिशा में एक महत्वपूर्ण नीतिगत कदम है। राष्ट्रीय स्तर पर यह व्यवस्था बैंकिंग प्रणालियों में तरलता बढ़ाकर आर्थिक साख को मजबूत करती है, वहीं इसके व्यावहारिक प्रभाव सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों के लाभ मार्जिन और उपभोक्ता स्तर पर अप्रत्यक्ष महंगाई के रूप में चुनौतियाँ भी खड़ी कर रहे हैं। इस नई व्यवस्था से जुड़े कई सवाल आज गंभीर चर्चा का विषय बन गए हैं, जैसे - क्या यह आम उपभोक्ता पर अप्रत्यक्ष महंगाई का बोझ है, कॉरपोरेट्स का बढ़ता लाभांश है या फिर लघु उद्यमों का वित्तीय ह्रास...?

MDR UPI


MDR और GDP का संबंध | सरकारी रणनीति का गणित

मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) वह प्रोसेसिंग फीस है जो डिजिटल लेन-देन के दौरान बैंक और फिनटेक नेटवर्क को चुकाई जाती है। डिजिटल पेमेंट्स को आत्मनिर्भर बनाने और फिनटेक कंपनियों की कमाई का ढांचा तैयार करने के लिए इसे लागू किया गया। सरकार की मुख्य रणनीति यह है कि बड़े मर्चेंट ट्रांजैक्शंस से रेवेन्यू निकालकर पेमेंट इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जाए, ताकि यह इकोसिस्टम सरकारी सब्सिडी पर निर्भर न रहे। सरकार का अनुमान है कि 2,000 रुपये से ऊपर के मर्चेंट वॉलेट और क्रेडिट पेमेंट्स पर यह नियम लागू होने से डिजिटल अर्थव्यवस्था अधिक पारदर्शी बनेगी। इस नई व्यवस्था से सरकार को सालाना 3,000 करोड़ से 5,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त अप्रत्यक्ष टैक्स और वित्तीय रेवेन्यू होने का अनुमान है। सरकार का मुख्य उद्देश्य कैश इकोनॉमी को सिकोड़कर बैंकिंग चैनल्स में पैसा लाना है। इस रणनीति से डिजिटल फ्रॉड पर लगाम लगेगी और डेटा ट्रैकिंग आसान होगी। हालांकि, कागजों पर यह ढांचा बेहद आकर्षक दिखता है, लेकिन यह ज़मीनी स्तर पर काम करने वाले सेवा प्रदाताओं और रजिस्टर्ड प्राइवेट लिमिटेड कंपनियों के व्यावसायिक हितों के बीच संतुलन बनाने में पूरी तरह सफल नहीं दिखता, क्योंकि रेवेन्यू का यह बड़ा आंकड़ा असल में सीधे तौर पर व्यापारिक मुनाफे में सेंध लगाकर तैयार हो रहा है।

भारत सरकार के दृष्टिकोण से, यह सख्ती केवल टैक्स वसूलने का जरिया नहीं है, बल्कि देश की GDP (सकल घरेलू उत्पाद) और दीर्घकालिक आर्थिक विकास से सीधे जुड़ी है। जब लेन-देन डिजिटल और रिकॉर्डेड होते हैं, तो वे औपचारिक अर्थव्यवस्था (Formal Economy) का हिस्सा बनते हैं, जिससे कागजों पर देश की GDP का आकार वास्तविक रूप से बढ़ता है। सरकार की रणनीति वित्तीय समावेशन (Financial Inclusion) के जरिए एक पारदर्शी आर्थिक ढांचा तैयार करना है, ताकि वैश्विक रेटिंग एजेंसियां भारत की आर्थिक साख को मजबूत रेटिंग दे सकें। इससे विदेशी निवेश (FDI) बढ़ता है और सरकारी खजाने में लिक्विडिटी बनी रहती है।
हालांकि, यह नीतिगत विकास (Economic Development) बड़े कॉरपोरेट्स के आंकड़ों को तो चमकाता है, लेकिन धरातल पर काम करने वाले छोटे उद्यमों की कार्यशील पूंजी (Working Capital) को सोखकर उनकी विकास दर को धीमा कर देता है।

आर्थिक आत्मनिर्भरता की ज़मीनी हकीकत

अप्रत्यक्ष महंगाई, कॉरपोरेट एकाधिकार और वॉलेट कंपनियों का भविष्य


अर्थशास्त्र विशेषज्ञों के अनुसार इस पूरी व्यवस्था का अंतिम और सबसे गंभीर परिणाम अप्रत्यक्ष महंगाई (Indirect Inflation) के रूप में सामने आएगा। हालांकि इससे सरकारी आमदनी बढ़ेगी और वैश्विक स्तर पर आर्थिक सूचकांकों में वृद्धि होने की पूरी संभावना है, लेकिन दूसरी ओर जमीनी स्तर पर इसका बोझ प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से आम जनता की जेब पर ही पड़ेगा।

इस कड़े नियम का सबसे ज्यादा फायदा बड़े ब्रांड्स और कॉर्पोरेट कंपनियां उठाएंगी। उनके पास बड़ा मार्जिन और मजबूत प्राइजिंग पावर होती है, जिससे वे अपने सर्विस पैकेजेस की बेस प्राइस में 1% का 'बफर' आसानी से जोड़कर इस नुकसान को कवर कर लेंगे और आम जनता को भनक तक नहीं लगेगी। छोटे बिजनेस ऐसा नहीं कर पाएंगे, जिससे बाजार में बड़े कॉरपोरेट्स का एकाधिकार बढ़ेगा। वहीं, वॉलेट और फिनटेक कंपनियों के नजरिए से देखें तो वे अपनी भविष्य की रणनीति को और आक्रामक करेंगी। इस रेवेन्यू मॉडल से मिलने वाले पैसे का इस्तेमाल वे क्रेडिट-ऑन-UPI और 'बाय नाउ पे लेटर' (BNPL) जैसे नए लोन प्रॉडक्ट्स को प्रमोट करने में करेंगी। वे अपने ऐप्स पर मर्चेंट विज्ञापनों को बढ़ाएंगी और मर्चेंट होल्डिंग्स पर कड़े नियम लागू करेंगी ताकि वे खुद को वित्तीय रूप से अधिक टिकाऊ बना सकें। संक्षेप में, यह नियम डिजिटल क्रांति के नाम पर छोटे व्यापारियों की जेब काटकर बड़ी फिनटेक कंपनियों के मुनाफे को सुरक्षित करने का एक जरिया बनता दिख रहा है।

यह व्यवस्था सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSME) के लिए दोहरी मार जैसी है। जो वैध प्राइवेट लिमिटेड कंपनियां पहले से ही 18% GST, कॉर्पोरेट टैक्स और भारी-भरकम लीगल कंप्लायंस का बोझ उठा रही हैं, उनके लिए यह मर्चेंट चार्ज मुनाफे को सीधे खत्म करने वाला एक नया सिरदर्द बन गया है। पहले से मंदी झेल रहे मार्केट में ये छोटे बिजनेस / कंपनियां न तो अपनी सर्विस के रेट बढ़ा पा रही हैं और न ही इस एक्स्ट्रा चार्ज को बर्दाश्त कर पा रही हैं। दूसरी ओर, यदि ग्राहक के नजरिए (POV) की बात करें, तो कागजी उम्मीद यह थी कि ग्राहक बिना किसी अतिरिक्त वित्तीय बोझ के बेफिक्र होकर डिजिटल वॉलेट या क्रेडिट कार्ड से पेमेंट करेगा।

लेकिन वास्तविक दुनिया (Real-World) की हकीकत बिल्कुल अलग और कड़वी है। छोटे शहरों और टूरिस्ट प्लेसेस पर दुकानदार नियमों को ताक पर रखकर ग्राहकों से जबरन 1% से 2% एक्स्ट्रा कैश या सरचार्ज मांग रहे हैं। जहां ग्राहक को 'फ्री डिजिटल पेमेंट' का अहसास होना चाहिए था, वहां वह खुद को डिजिटल ब्लैकमेलिंग का शिकार पा रहा है। इससे कैश इकोनॉमी और कच्चे बिल का धंधा दोबारा बढ़ रहा है।

No comments:

Post a Comment

श्री अग्रसेन धाम - कुंडली में भव्य गोवर्धन पूजा दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने की पूजा-अर्चना Delhi CM Rekha Gupta Attends Govardhan Puja in Sonipat

  श्री अग्रसेन धाम - कुंडली में भव्य गोवर्धन पूजा दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने की पूजा-अर्चना 10/11/2026 कुंडली (सोनीपत) । गोवर्धन ...